Sahab Ram, Yuva Haryana
Chandigarh, 08 March, 2019
हरियाणा में इनेलो को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। इनेलो के मुलाना से पूर्व विधायक राजबीर सिंह और गुहला से इनेलो के पूर्व विधायक बूटा सिंह ने आज पार्टी छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया है। आज पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला की मौजूदगी में दोनों नेताओं ने बीजेपी में आस्था जताई।
बता दें कि राजबीर सिंह मुलाना से इनेलो के पूर्व विधायक रह चुके हैं। राजबीर सिंह साल 2014 के चुनाव में बीजेपी की संतोष सारवान से चुनाव हार गए थे. वो साल 2009 में विधायक बने थे। राजबीर सिंह पहली बार में ही विधायक चुने गए थे। राजबीर सिंह का परिवार लंबे समय से इनेलो में रहा था. उनके पिता भी इनेलो के विधायक रह चुके थे।
इनेलो के पूर्व विधायक रहे बूटा सिंह ने भी बीजेपी ज्वाइन कर ली है। बूटा सिंह को 2014 में इनेलो ने गुहला से मैदान में उतारा था। बूटा सिंह 1987 में लोकदल पार्टी की तरफ से विधायक चुने गए थे। 2014 के चुनाव में बूटा सिंह को विधायक फूल सिंह खेड़ी का टिकट काटकर प्रत्याशी बनाया गया था। 2005 में वो कांग्रेस के दिल्लू राम बाजीगर से चुनाव हार गए थे।