Yuva Haryana
Sonipat, 04-04-2018
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री अपने भरोसे के साथियों और भाजपा कार्यकर्ताओं के यहां अचानक चाय- पीने पहुंच रहे हैं। चाय पर ही सरकार और संगठन के कामकाज पर सीएम की कार्यकर्ताओं के साथ सीधे बातचीत हो रही है।
मुख्यमंत्री चौथी बार हरियाणा के दौरे पर निकल पड़े हैं। जिला स्तरीय दौरे, विधान सभा स्तरीय रैलियां और जिला प्रवास के बाद मुख्यमंत्री अब विभिन्न क्षेत्रों में जाकर बूथ स्तरीय कार्यक्रमों में भागादारी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री अपने निवास पर भी एक साथ चार- चार जिलों के पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा कर रहे हैं। उनकी इस तैयारी को विधानसभा चुनाव के लिए कमर कसने से जोड़कर देखा जा सकता है।
मुख्यमंत्री अभी तक भिवानी और रोहतक में कार्यकर्ताओं में सीधा संवाद स्थापित कर चुके हैं। मंगलवार को वह सोनीपत में थे। प्रवास के दौरान सीएम की ओर से विभिन्न कार्यकर्ताओं को अचानक फोन जाता है और कहा जाता है कि मुख्यमंत्री आपके यहां चाय पीने आ रहे हैं। इससे अधिक कोई इंतजाम न किया जाए। मुख्यमंत्री कार्यकर्ताओं को यहां चाय पीने का सिलसिला निरंतर जारी रखने वाले हैं।