Yuva Haryana,
Panipat, 10 March,2019
पानीपत में इनसो अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला की अध्यक्षता में इंडियन नेशनल स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक हुई। जिसमें देश व प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए संगठन के छात्र नेताओं को दिग्विजय चौटाला ने पार्टी को मजबूत करने का मंत्र दिया। वहीं दिग्विजय चौटाला ने सेना पर हो रही सियासत को लेकर पूर्णतः बीजेपी को जिम्मेदार ठहराया और 13 मार्च को डॉ. अजय चौटाला का जन्मदिन नहीं मनाकर उस पर खर्च होने वाली राशि को शहीदों को समर्पित करने की बात कही।
दिग्विजय ने पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूत करने के लिए युवाओं की टीमों को जोर-शोर से काम शुरू करने के निर्देश दिए और कहा कि पार्टी की जीत तय करने के लिए युवा दिन-रात मेहनत करें।
उन्होंने कहा कि युवा किसी भी देश व समाज की प्रमुख कड़ी होते हैं। युवाओं का लोकतांत्रिक गतिविधियों में विशेष योगदान होना चाहिए। बैठक को संबोधित करते हुए दिग्विजय चौटाला ने कहा कि अब प्रदेश में युवा आगाज होगा।
चुनाव को देखते हुए हर युवा दुष्यंत-दिग्विजय बनकर काम करे और संगठन के सभी युवा नेता प्रदेशभर में पार्टी के प्रचार मे जुट जाए। कॉलेज स्तर पर इनसो साथियों की ज्यादा से ज्यादा नियुक्तियां करे, प्रत्येक कॉलेज के बाहर इनसो का बैनर लगाया जाए।
दिग्विजय चौटाला ने पार्टी के चुनाव प्रचार के लिए सोशल मीडिया के माध्यम का प्रयोग करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि युवा नेता सोशल मीडिया की ज्यादा से ज्यादा टीम बनाकर पार्टी का प्रचार करे।
देश में भारतीय सेना के पराक्रम पर हो रही सियासत को लेकर दिग्विजय चौटाला ने भारतीय जनता पार्टी को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि विश्व में भारतीय सेना सबसे शक्तिशाली है। लेकिन भापजा सेना को निशाना बनाकर औच्छी राजनीति कर रही है।
दिग्विजय ने कहा कि हमे सेना के बल पर पूरा भरोसा और सम्मान है। मगर देश के सैनिकों पर राजनीति करना देश व प्रदेश की भाजपा सरकार की औच्छी मानसिकता का परिणाम है। साथ ही दिग्विजय चौटाला ने कहा कि जननायक जनता पार्टी 13 मार्च को डॉ. अजय चौटाला का जन्मदिन नहीं मनाकर उस पर खर्च होने वाली राशि को शहीदों को समर्पित करेगी।
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि जेजेपी लोकसभा व विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी तरह से तैयार है और इस बार जनता प्रमात्मा का रूप बनकर दुष्यंत को आशिर्वाद देगी। दिग्विजय ने सांसद दुष्यंत चौटाला के कामों की तारिफ करते हुए कहा कि सड़क से लेकर संसद तक दुष्यंत ने सबसे ज्यादा मुद्दे उठाकर किसान,दलित, कमेरे, युवा, सैनिकों की आवाज बुलंद की है। लोकसभा के विभिन्न सत्रों में सांसद दुष्यंत चौटाला ने 675 प्रश्न पूछे जबकि प्रदेश के भाजपा व कांग्रेस का अन्य कोई सांसद इस आंकड़े के आसपास भी नजर नहीं आए।