दिल्ली में कल भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले किसान आंदोलन होगा। इस आंदोलन को लेकर देशभर के किसान दिल्ली पहुंच रहे हैं। कुछ किसान दिल्ली में पहुंच चुके हैं तो हजारों की संख्या में किसानों को गिरफ्तार भी किया गया है।
हरियाणा में आज सीमाओं पर पुलिस ने किलाबंदी रखी। कई बॉर्डरों पर किसानों को रोका गया। कई जगहों पर किसानों की गिरफ्तारियां हुई।
दिल्ली में हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों के किसान पहुंच रहे हैं। दिल्ली में किसानों का आंदोलन भी बड़ा होता दिखाई दे रहा है।
सरकार की वादाखिलाफी के विरोध में आज देशभर के 62 किसान संगठन एकजुट हो गए हैं। हमारी दो मांगें हैं- पहली, देशभर के किसानों का कर्जा माफ किया जाए। चाहे वह किसान छोटा हो या बड़ा। दूसरी स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू की जाए।
हरियाणा पुलिस की आईजी ममता सिंह के मुताबिक राज्य में जरूरत के मुताबिक पैरामिलिट्री फोर्स की 25 कंपनियां तैनात कर दी गई हैं, जबकि हरियाणा पुलिस फोर्स भी जरूरत के मुताबिक तैनात की जा चुकी है।