Yuva Haryana
Karnal, 19 August 2019
देशभर के कई राज्यों में हो रही बारिश लोगों के लिए आफत बन गई है। बीते कुछ दिनों से रुक- रुक कर हो रही बारिश से लोगों का हाल बेहाल हो गया है। वहीं उत्तराखंड राज्य के हथनीकुण्ड बैराज से करीब साढ़े 6 लाख क्यूसिक से अधिक पानी छोड़े जाने के बाद हरियाणा के करनाल के दर्जनों गांव पर डूबने का खतरा मंडराने लगा है। इसी के चलते करनाल जिला प्रशासन ने यमुना किनारे बसे दर्जनों गांवों में अलर्ट जारी किया है।
जिला प्रशासन ने ग्रामीणों को शिफ्ट करने के लिए सभी विभागों को तैयार रहने के निर्देश भी दे दिए हैं। इसके अलावा करनाल के उपायुक्त विनय प्रताप सिंह ने किसानों से यमुना तट के साथ लगते खेतों में ना जाने की अपील की है। उपायुक्त विनय प्रताप सिंह ने इन्द्री और घरौंडा क्षेत्र के यमुना के साथ लगते गांवों में ग्रामीणों को सख्त हिदायत जारी करते हुए कहा है कि प्रदेश की सीमाओं के साथ लगते पड़ोसी राज्यों में अधिक बारिश के कारण यमुना नदी उफान पर है और कोई भी नदी के पास ना जाए। बता दें कि उत्तराखंड और हिमाचल जैसे पहाड़ी इलाकों के साथ मैदानी क्षेत्रों पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश से नदियां उफान पर है।