Yuva Haryana
Chandigarh, 2 July 2019
मानसून की देरी के कारण हरियाणा बेहाल है । बिन मानसून किसानों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है । प्रदेश में मानसून के कारण खरीफ फसलों की बिजाई में भी देरी हो रही है। इसी के चलते अब भारतीय किसान यूनियन ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल को पत्र लिखकर मदद की गुहार लगाई है।
भारतीय किसान यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष रतन मान के अनुसार सीएम को पत्र लिखा गया है। पत्र में यह मांग कि गई है कि जब तक मानसून नहीं आता तब तक बिजली की सप्लाई 2 घंटे बढ़ाकर 10 घंटे कर दी जाए। किसानों का कहना है कि बिजली निगम 8 घंटे सप्लाई दे रहा है।
लेकिन इसे मानसून के आगमन तक 2 घंटे बढ़ाकर रोजाना 10 घंटे किया जाना चाहिए। क्योंकि खरीफ फसलों को इतनी गर्मी में बचाए रखना बड़ी चुनौती बन गया है। उधर कृषि विभाग ने अधिकारियों को फसलों पर नजर रखने के आदेश दिए हैं। ताकि सूखे की स्थिति पता लगने पर किसानों के लिए एडवाइजरी जारी की जा सके।