Suren Sawant, Yuva Haryana
Sirsa, 14 Feb, 2019
सिरसा के मुख्य डाकघर में पासपोर्ट कार्यालय का उद्घाटन किया गया। यह हरियाणा का 11वां पासपोर्ट केंद्र है, जहां पासपोर्ट की सुविधा शुरू की गई है। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी ने शिरकत की और पासपोर्ट केंद्र का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में बतौर विशिष्ट अतिथि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला पहुंचे।
इसके अलावा भाजपा नेत्री सुनीता दुग्गल, भाजपा नेता जगदीश चोपड़ा व इनेलो के सिरसा विधायक मक्खन लाल सिंगला भी मौजूद रहे। हालाँकि सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी द्वारा सुभाष बराला से पहुंचने से पहले उद्घान किये जाने का भाजपा कार्यकर्ताओं ने रोष जताया और एक बार कार्यकर्म में भाजपा कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर नारेबाजी शुरू कर दी लेकिन सुभाष बराला व पासपोर्ट अधिकारी ने उन्हें शांत करवाया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार का यह प्रयास है कि अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने सिरसा में पासपोर्ट बनाने की सुविधा के लिए प्रधानमंत्री मोदी व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का आभार जताया और कहा कि यह सेवा शुरू होने से अब सिरसा वासियों को अंबाला चंडीगढ़ के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने केंद्र सरकार की उपलब्धियां भी गिनवाई।
कार्यक्रम में मौजूद स्थानीय सांसद चरणजीत सिंह ने भी प्रधानमंत्री व विदेश मंत्री का पासपोर्ट सेवा केंद्र शुरू किये जाने के लिये आभार जताया और कहा कि इस केंद्र के खुल जाने से सिरसा व फतेहाबाद क्षेत्र केलोगों को बहुत बड़ी सुविधा मिली है।
इस अवसर पर पत्रकारों से बात करते हुए सुभाष बराला ने कहा कि भाजपा लोकसभा चुनाव के लिए जोरों से तैयारियों पर जुटी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को 3 क्लस्टर में बांटा गया है और हर एक क्लस्टर में बैठक कर बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं से सम्पर्क कर पार्टी को मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इसी को लेकर कलस्टर की तीसरी बैठक हिसार में आयोजित की जाएगी जिसमे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह शिरकत करेंगे। लोकसभा व विधानसभा चुनाव एक साथ कराये जाने पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि लोकसभा तथा विधानसभा चुनाव अपने तय समय अनुसार ही होंगे।
भाजपा व इनेलो के गठबंधन की चर्चा पर विराम लगाते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा किसी से भी गठबंधन नहीं करेगी और अपने दम पर चुनाव लड़ने में भाजपा सक्षम है।
उन्होंने देश और प्रदेश में फिर से सरकार बनाने का दावा किया। अशोक तवर द्वारा भाजपा सरकार पर माइनिंग घोटाले के आरोप पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पता नहीं किस मानसिकता से अशोक तंवर यह सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने बसपा और लोग सुरक्षा पार्टी के गठबंधन पर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि जात पात की राजनीति के आधार पर किये गए गठबंधन जनता स्वीकार नहीं करेगी