Share this News
Yuva Haryana, 11 January, 2021
बीते दिन हरियाणा के करनाल में काफी बवाल हुआ। सैकड़ों की संख्या में किसानों ने यहां राज्य के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का विरोध किया, कार्यक्रम स्थल पर तोड़फोड़ भी हुई। अब इस घटना की जिम्मेदारी भारतीय किसान यूनियन के गुरनाम सिंह चढूनी ने ली है। गुरनाम सिंह ने कहा कि कैमला गांव में जो घटना हुई है वो हमने करवाई हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेता जहां भी कोई कार्यक्रम करेंगे, जो किसानों के आंदोलन से जुड़ा होगा उन्हें इस तरह का विरोध झेलना पड़ेगा।
वहीं गुरनाम सिंह चढूनी ने कहा कि अगला प्रोग्राम हमारा 26 जनवरी को है। सारे किसान 24 को ही दिल्ली बार्डर पर पहुंच जाएंगे। पुलिस चाहे लाठी मारे या गोली मारे हम पुलिस की बेरिकेडिंग तोड़कर दिल्ली मे घुसकर ट्रेक्टर मार्च निकालेंगे।
वहीं इस मामले में सीएम मनोहर लाल खट्टर ने देर शाम प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि कृषि कानून को लेकर भ्रम की स्थिति बन रही है। किसानों से बातचीत के लिए रैली का आयोजन किया गया था और इसमें किसानों की सहमति भी थी, लेकिन कुछ लोगों ने सहमति का उल्लंघन करते हुए नारेबाजी और विरोध किया। जिसके बाद सुरक्षा कारणों से मेरा हेलिकॉप्टर दूसरी जगह उतारना पड़ा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी समर्थन या विरोध को बातचीत से ही सुलझाया जाता है। लोकतंत्र में सबको अपनी बात रखने का अधिकार है। विपक्षी दल चाहे कांग्रेस हो या कम्युनिस्ट पार्टी के लोग हैं, वे गलतफहमी में न रहें, लोकतंत्र में विश्वास पैदा करें वरना लोग उन्हें सबक जरूर सिखाएंगे।
गौरतलब है कि रविवार को करनाल के कैमला गांव में मुख्यमंत्री मनोहर खट्टर का किसान महापंचायत कार्यक्रम था। नए कृषि कानूनों के मसले पर इस कार्यक्रम में किसानों के साथ संवाद होना था। लेकिन कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसान यहां सीएम के आने के पहले पहुंच गए और हंगामा करने लगे। जिसके कारण रैली को रद्द करना पड़ा।
ये भी पढ़िये >>
Share this News