Share this News
Yuva Haryana, 04 December, 2020
केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए कृषि कानूनों का विरोध लगातार जारी है। वहीं किसान आंदोलन शामिल 55 वर्षीय किसान लखवीर सिंह की दिल का दौरा पड़ने से बुधवार देर रात मौत हो गई। मृतक किसान पंजाब के बठिंडा जिले के गांव लेलेआना का रहने वाला था। आपको बता दें कि आंदोलन के बीच बहादुरगढ़ में दिल्ली सीमा पर अब तक चार किसान जान गंवा चुके हैं।
भारतीय किसान यूनियन एकता (उगराहां) के नेता बिंदर सिंह ने कहा कि किसान लखवीर सिंह अपने साथी किसानों के साथ दिल्ली के टिकरी बार्डर पर केंद्र सरकार के खिलाफ चल रहे धरने में डटे थे। उन्होंने बताया कि बुधवार को देर रात अचानक किसान लखवीर सिंह की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई।
किसान नेता ने मृतक किसान को शहीद करार देते हुए कहा कि उनके शव को भी पीजीआई रोहतक में रखा गया है। आपको बता दें कि तीन किसानों के शव रोहतक स्थित पीजीआई में रखे हैं। किसान नेता ने सरकार से मांग की है कि इस संघर्ष में जान गंवाने वाले तीनों किसानों के परिवार के एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी और दस-दस लाख रुपये मुआवजा दिया जाए। मृतक किसान के पास पांच एकड़ जमीन है, जिस पर उनका बेटा खेती करता है। किसान नेता ने कहा कि जब तक केंद्र सरकार कृषि कानूनों को वापस नहीं लेती और मांगें नहीं मान लेती तब तक किसान दिल्ली में डटे रहेंगे।
बुधवार को दिल्ली सीमा पर चल रहे किसानों के आंदोलन में पंजाब के एक और किसान की मौत हो गई थी। अचानक तबीयत बिगड़ने से 55 वर्षीय किसान नेता गुरजंट सिंह पुत्र राम सिंह का निधन हुआ था। वह पंजाब के मानसा जिले के बछोआना के रहने वाले थे। 28 नवंबर की रात बहादुरगढ़ बाईपास पर पंजाब के बरनाला जिले के गांव धनवाला मंडी निवासी जनकराज की कार में आग लगने से झुलसने से मौत हो गई थी। जबकि पंजाब के भगवानपुरा निवासी किसान गज्जन सिंह की 29 नवंबर की रात अचानक तबीयत बिगड़ गई थी और उसने अस्पताल में दम तोड़ दिया था। चिकित्सकों के अनुसार उसकी मौत हृदयघात होने से हुई थी।
दिल्ली में कृषि कानून के खिलाफ चल रहे आंदोलन से पंजाब लौट रहे किसान की कुरुक्षेत्र में सड़क हादसे में मौत हो गई थी। यह हादसा गांव खानपुर कोलियां के समीप हुआ था। वहीं बाइक सवार दूसरा किसान गंभीर रूप से घायल हो गया था। मृतक की पहचान गांव झमट थाना पायल, जिला लुधियाना(पंजाब) निवासी 32 वर्षीय बलजिंद्र सिंह के रूप में हुई थी। भिवानी में किसान आंदोलन के दौरान नाक तोड़ निकलने के दौरान एक ट्रक ने किसानों की ट्रैक्टर ट्रॉली को टक्कर मारी दी। जिसमें एक किसान की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई थी।
ये भी पढ़िये >>
Share this News